उत्तराखंड

होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर किया घायल

कुछ लोगों ने घटना के दौरान आरोपी का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हरिद्वार। ज्वालापुर के हरिलोक तिराहे पर कार को पीछे से टक्कर मारने के बाद भाग रहे एक युवक ने पीछा कर रहे होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बहादराबाद क्षेत्र में ख्याति ढाबे के पास आरोपी ने होमगार्ड संजीव कुमार की गर्दन पर वार करने की कोशिश की। जान बचाने के लिए होमगार्ड ने हाथ आगे कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया। घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके अंगूठे में पांच टांके लगाए गए।
घटना के बाद आरोपी अपनी कार छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुस गया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की कार कब्जे में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बीते रोज हरिद्वार से रुड़की की ओर जा रही एक कार ने ज्वालापुर क्षेत्र के हरिलोक तिराहे पर आगे चल रही दूसरी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से भागने लगा। तिराहे पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड संजीव कुमार और कृष्णपाल ने कार का पीछा किया और घटना की सूचना पुलिस को 112 के माध्यम से दी। पीछा करते हुए दोनों होमगार्ड बहादराबाद क्षेत्र में हाईवे पर ख्याति ढाबे के पास पहुंचे। इसी दौरान आरोपी की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार के दोनों अगले पहिए फट गए। इसके बाद युवक कार से उतरकर पैदल भागने लगा। होमगार्ड संजीव कुमार ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने कार से धारदार हथियार निकाला और संजीव की गर्दन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए संजीव ने अपना हाथ आगे कर दिया। हथियार की चपेट में आने से उनके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया। हमले के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए पास के गन्ने के खेत में घुस गया। आसपास मौजूद लोगों के जुटने के बावजूद वह खेत के रास्ते फरार होने में कामयाब रहा। कुछ लोगों ने घटना के दौरान आरोपी का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसके अंगूठे में पांच टांके लगाए। पुलिस ने आरोपी की कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपी की तलाश में आसपास के इलाके में कांबिंग भी की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सीओ संजय चौहान ने बताया कि होमगार्ड संजीव कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसकी तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button