
उत्तराखंड सचिवालय के निजी सचिव पर पत्नी की हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज
मृतका की आरोपी से 8 महीने पहले ही हुई थी शादी
देहरादून। डोईवाला थाना क्षेत्र के हर्रावाला में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात पति, सास और ननद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका का नाम सृष्टि कंडारी था, जो खुद भी सरकारी टीचर थी।
सृष्टि कंडारी के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका सृष्टि कंडारी की मां सीमा कंडारी ने थाना डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला स्थित दिल्ली फार्म निवासी सौरभ रतूड़ी से हुई थी। सौरभ सचिवालय में निजी सचिव हैं, जबकि सृष्टि सरकारी शिक्षिका थीं।
मां सीमा कंडारी का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी सृष्टि कंडारी को दहेज और अन्य बातों को लेकर अपमानित किया जाता था। इतना ही नहीं, उसे मनहूस कहकर भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। सीमा कंडारी का आरोप है कि 28 और 29 जुलाई को उनकी बेटी से फोन पर बात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने एक परिचित को ससुराल भेजा, जहां से जानकारी मिली कि सृष्टि की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार श्रीनगर से देहरादून पहुंचा तो उन्हें पता चला कि सृष्टि की मौत हो चुकी है।
मृतका की मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बेटी की मौत की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी। पूछने पर उन्होंने कहा कि वे इतने व्यस्त थे कि फोन नहीं कर सके। परिवार का आरोप है कि सृष्टि की मौत के लिए उसका ससुराल पक्ष जिम्मेदार है। साथ ही शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था। आरोप है कि किसी पंडित की सलाह के बाद ससुराल वालों ने सृष्टि को अपशकुनी मान लिया और उसे मनहूस कहकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। घटना से तीन दिन पहले सृष्टि के ससुर का भी निधन हो गया था, जिसके बाद उस पर मानसिक दबाव और बढ़ गया।
डोईवाला सीओ वंदना वर्मा ने बताया है कि डोईवाला थाना पुलिस ने मृतका के पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों ने मिलकर सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके कारण उसकी मौत हुई। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नवंबर 2025 में हुई थी शादी
पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी, जो पेशे से सरकारी शिक्षिका थीं, का विवाह नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव (दिल्ली फार्म) निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ खत्री उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है। मृतका की मां सीमा कंडारी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सृष्टि को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत में कहा गया है कि पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू अक्सर उसे अपमानित करते थे और विभिन्न कारणों से परेशान करते थे।
बेटी से संपर्क टूटा, फिर मिली मौत की सूचना
श्रीनगर में रह रही मां सीमा कंडारी ने बताया कि जब काफी समय तक बेटी से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने एक परिचित को सृष्टि के ससुराल भेजा। परिचित ने बताया कि सृष्टि की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया है। यह सूचना मिलने के बाद परिवार तत्काल देहरादून पहुंचा, जहां उन्हें पता चला कि 29 जुलाई को ही सृष्टि की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने घटना की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी। पूछने पर उन्होंने व्यस्त होने का कारण बताया।



