उत्तराखंड

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू

निर्धारित मानकों की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही कंपनियों को उड़ान संचालन की अनुमति दी गई।

रूद्रप्रयाग। यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार से  केदारनाथ धाम में हेली सेवाएं फिर शुरू हो गईं। सुबह मौसम साफ होते ही केदारघाटी के विभिन्न हेली पैड से केदारनाथ धाम के लिए हेली उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया गया। लंबे अंतराल के बाद हेली सेवाओं के दोबारा शुरू होने से केदारघाटी के हेली पैडों पर फिर से रौनक लौट आई है। हेली सेवा का लाभ लेने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। इसके साथ ही दूसरे चरण की केदारनाथ यात्रा में तेजी आने की उम्मीद है।
बरसात के मौसम में प्रतिकूल मौसम और सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए हेली सेवाओं का संचालन बंद था। यात्रा के दूसरे चरण के लिए 15 सितंबर से हेली सेवा पुनः शुरू की गई है। उड़ानों का संचालन शुरू होने से पहले नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से संबंधित हेली कंपनियों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही कंपनियों को उड़ान संचालन की अनुमति दी गई।
केदारनाथ धाम के लिए केदारघाटी के तीन प्रमुख सेक्टरों से कुल आठ हेली कंपनियां सेवाएं दे रही हैं। गुप्तकाशी सेक्टर से ट्रांस भारत और चिप्सन हेली, फाटा सेक्टर से थम्बी हेली, राजश हेली एविएशन, यूनाइटेड हेली और पिलग्रिम हेली एविएशन तथा शेरसी सेक्टर से हिमालय हेली और एरो एविएशन ने श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। दूसरे चरण में हेली सेवा के लिए यूकाडा की ओर से 15 सितंबर से 30 सितंबर तक कुल 16 दिनों के ऑनलाइन टिकट जारी किए गए हैं। खास बात यह है कि इस अवधि के सभी ऑनलाइन टिकट बुक हो चुके हैं। इससे केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा और ठगी से बचाव को लेकर यूकाडा ने अपील की है कि हेली सेवा के टिकट केवल अधिकृत आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से ही बुक किए जाएं। किसी अनधिकृत एजेंट या वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक न करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button