उत्तराखंड

केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बीच आस्था अडिग 

अब तक इस यात्रा सीजन में 3 लाख 20 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं, जो आस्था के बढ़ते जनसैलाब को दर्शाता है।

एसडीआरएफ के त्वरित रेस्क्यू से बची श्रद्धालुओं की जान
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों मौसम की कठिन परीक्षा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। बर्फ से ढके धाम में हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन करवा रहे हैं।
बर्फबारी के बीच पुलिस बल श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध कर दर्शन करा रहा है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं और ड्यूटी पर तैनात जवानों का जोश और समर्पण साफ नजर आ रहा है। हालांकि लगातार बर्फबारी से टेंट कॉलोनियों को नुकसान पहुंचने की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिससे व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ा है। अब तक इस यात्रा सीजन में 3 लाख 20 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं, जो आस्था के बढ़ते जनसैलाब को दर्शाता है।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि वे यात्रा पर आने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े, बरसाती, जैकेट व आवश्यक दवाइयां जरूर रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि रुद्रप्रयाग पुलिस और जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सरल और सुगम यात्रा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को मौसम को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। कठिन मौसम, बर्फबारी और चुनौतियों के बावजूद केदारनाथ धाम में आस्था का प्रवाह लगातार जारी है और इसे सुरक्षित बनाए रखने में जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की भूमिका बेहद अहम साबित हो रही है।
एसडीआरएफ का त्वरित एक्शन, दो श्रद्धालुओं की बचाई जान 
रुद्रप्रयाग। भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने अपनी तत्परता का परिचय देते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर बीमार तीर्थयात्रियों का सफल रेस्क्यू किया। पहली घटना में हेलीपैड के पास 70 वर्षीय आशाराम (निवासी मध्यप्रदेश) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही एसडीआएफ टीम हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार देने के बाद स्ट्रेचर के माध्यम से उन्हें सुरक्षित निकालकर सरकारी अस्पताल केदारनाथ में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दूसरी घटना में आस्था पथ प्रवेश बिंदु पर 64 वर्षीय कांता बाई (निवासी हैदराबाद) की तबीयत खराब हो गई। एसडीआरएफ टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट व प्राथमिक उपचार प्रदान किया और स्थिति स्थिर होने के बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ में भर्ती कराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button