जीएसटी छापेमारी से आक्रोशित व्यापारियों के किया प्रदर्शन
रविवार को व्यापारियों ने ज्वालापुर तहसील परिसर से लेकर चंद्राचार्य चैक तक विरोध रैली निकाली और जीएसटी विभाग की कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हरिद्वार। रविवार को इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रिकल सामान की दुकानों पर जीएसटी विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी से आक्रोशित व्यापारियों ने प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन में भारी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया।
रविवार को व्यापारियों ने ज्वालापुर तहसील परिसर से लेकर चंद्राचार्य चैक तक विरोध रैली निकाली और जीएसटी विभाग की कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी तुरंत नहीं रोकी गई, तो सोमवार को हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन से जुड़े सभी व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर सरकार को चाबियां सौंप देंगे।
तहसील से रैली निकालकर चंद्राचार्य चैक पहुंचे व्यापारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पूरे प्रदेश में बिजली के सामान की दुकानों को निशाना बनाकर छापेमारी की जा रही है। जिससे व्यापारियों का सामाजिक उत्पीड़न हो रहा है। वहीं व्यापारी नेता विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलता है। देश की आर्थिक रीढ़ है, लेकिन हर विभाग द्वारा व्यापारियों को सॉफ्ट टारगेट बनाकर उनका दोहन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की छापेमारी से व्यापारी का मानसिक उत्पीड़न होता है। समाज में उसकी छवि धूमिल होती है, यदि जीएसटी विभाग को कोई शिकायत या संदेह है, तो उन्हें व्यापारियों को नोटिस भेजकर कार्यालय में बुलाना चाहिए और स्पष्टीकरण मांगना चाहिए।
महामंत्री सुशांत शर्मा ने कहा कि सीधे छापेमारी कर माहौल खराब करना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जीएसटी विभाग ने अपनी यह कार्रवाई तुरंत नहीं रोकी, तो पूरा व्यापारी वर्ग एकजुट होकर इस आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतरेगा। अपनी चाबियां लेकर अधिकारियों को सौंप दी जाएंगी।



