‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के संकल्प के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा
राज्य में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के साथ ही प्रदेश की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

गुलाबराय मैदान में आयोजित हुई ‘विकसित भारत संकल्प सभा’
प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को गुलाबराय मैदान में ‘सेवा ज्योति यात्रादृविकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने सुना। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी प्रयासों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ की भावना को केंद्र में रखकर देश को विकास की नई दिशा देने का कार्य किया है। केंद्र सरकार की ओर से समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। राज्य में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के साथ ही प्रदेश की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, सीमांत अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट व अमित मैखंडी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण चमोली, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
सेवा ज्योति यात्रा ने दिया जनभागीदारी का संदेश
रूद्रप्रयाग। कार्यक्रम के दौरान सेवा ज्योति यात्रा भी निकाली गई। यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन का भी सीधा प्रसारण किया गया।
विभागीय स्टॉलों पर दी योजनाओं की जानकारी
रूद्रप्रयाग। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। सूचना, कृषि, पशुपालन, सैनिक कल्याण, पर्यटन, डेयरी विकास, समाज कल्याण और जिला उद्योग केंद्र समेत अन्य विभागों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही आवश्यक जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।



