
बारिश से लुढ़का तापमान, लोगों को चिलचिलाती गर्मी से मिली बड़ी राहत
आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना
पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अपना रौद्र रूप भी दिखाया
अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और बिजली कड़कने जैसी गतिविधियां जारी रह सकती हैं
देहरादून। उत्तराखंड में मई महीने की शुरुआत मौसम के बदले हुए मिजाज के साथ हुई है। 2 मई को भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहा। हल्की धूप के साथ आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे साफ संकेत मिला कि आने वाले दिनों में मौसम और करवट ले सकता है।
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से लगातार बदलते मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन साथ ही मौसम से जुड़ी चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने एक बार फिर आगामी दिनों के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम अभी पूरी तरह साफ होने वाला नहीं है और अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और बिजली कड़कने जैसी गतिविधियां जारी रह सकती हैं। पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अपना रौद्र रूप भी दिखाया।
कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी देखने को मिली। इसके अलावा तेज हवाओं ने भी जनजीवन को प्रभावित किया। इस दौरान किसानों को विशेष रूप से नुकसान झेलना पड़ा, क्योंकि ओलावृष्टि ने फसलों को नुकसान पहुंचाया। मौसम विभाग के अनुसार 2 मई को भी खासतौर पर पर्वतीय जिलों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां भूस्खलन या अचानक मौसम बदलने की घटनाएं अधिक होती हैं।
3 मई को मौसम का दायरा और बढ़ सकता है। विभाग का अनुमान है कि इस दिन मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में बारिश देखने को मिल सकती है। यानी पूरे प्रदेश में मौसम का असर महसूस किया जाएगा। इसके अलावा 4 मई को भी अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 3 और 4 मई के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
5 मई को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना
5 मई को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, हालांकि इस दिन इसकी तीव्रता कुछ कम हो सकती है। इसके बाद 6 मई से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है। बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी और अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क हो सकता है। लेकिन पर्वतीय जिलों में 7 और 8 मई को फिर से हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि पूरे सप्ताह के मौसम का हाल देखें तो साफ तौर पर कहा जा सकता है कि मई के पहले सप्ताह में बारिश का प्रभाव बना रहेगा। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जो कि गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है।
खासतौर पर मैदानी क्षेत्रों में जहां अप्रैल के अंत तक तापमान लगातार बढ़ रहा था, वहां इस बदलाव से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए विशेष चेतावनी भी जारी की है। हरिद्वार, देहरादून, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और उधम सिंह नगर जैसे जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके अलावा इन क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम सामान्य हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ होने से धूप खिली रही। हल्की ठंडी हवाओं के चलते भीषण गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिली है।
हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल अब भी मंडरा रहे हैं। शनिवार को भी पहाड़ों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में बादल मंडराते रह सकते हैं और वर्षा के आसार हैं।
कहीं-कहीं ओलावृष्टि और अंधड़ ने भी मुश्किलें बढ़ाईं। जिससे पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। खासकर पहाड़ों में न्यूनतम तापमान गिरने से सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
शुक्रवार को मैदानी क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। हालांकि, दिनभर हल्की हवा चलने से वातावरण में ठंडक बनी रही। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज देहरादून, अल्मोड़ा, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा या गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।



