उत्तराखंड

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नैना देवी मंदिर में की पूजा अर्चना

मंदिर के पुजारी जगदीश जोशी ने राष्ट्रपति को पूजा कराई। इस दौरान राष्ट्रपति ने कुछ समय मंदिर में रुककर मां की स्तुति की।

नैनीताल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों उत्तराखंड की यात्रा पर हैं। अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन मंगलवार को राष्ट्रपति ने नैनीताल में मां नैना देवी मंदिर के दर्शन किए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नयना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुख-शांति की कामना की। मां नैना देवी के दर्शन करने के बाद राष्ट्रपति कैंची धाम पहुंचीं। वहां उन्होंने बाबा नीम करोली के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
अपने दो दिवसीय नैनीताल प्रवास के दौरान मंगलवार सुबह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शक्तिपीठ श्री मां नयना देवी मंदिर पहुंचकर मां नयना देवी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता से राष्ट्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति मुर्मू का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। राष्ट्रपति के मंदिर दर्शन के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित रखा गया। राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन से नगर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला। बताते चलें कि मां नैना देवी मंदिर 51 शक्तिपीठों में सुमार है। ऐसे में नैनीताल आने वाले पर्यटक भक्त या कोई भी व्यक्ति हो मां नैना देवी का आशीर्वाद लेना नहीं भूलता। इसी क्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी मां नैना देवी के मंदिर पहुंचीं और मां नैना का आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी जगदीश जोशी ने राष्ट्रपति को पूजा कराई। इस दौरान राष्ट्रपति ने कुछ समय मंदिर में रुककर मां की स्तुति की।
जिसके बाद राष्ट्रपति विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम रवाना हो गईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कैंची धाम में बाबा नीम करोली महाराज (नीब करौरी) के दर्शन किए। कैंची धाम से राष्ट्रपति वापस नैनीताल लौटेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने लिया बाबा नीब करोली का आर्शिवाद
नैनीताल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज की पूजा अर्चना कर आर्शीवाद लिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने आधे घंटे से अधिक समय मंदिर में बिताते हुए बाबा का ध्यान लगाया।कैंची मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने राष्ट्रपति को बाबा से जुड़ी जानकारी दी। राष्ट्रपति ने मंदिर में बाबा की पूजा अर्चना के साथ अन्य मंदिरों में भी पूजा की। इस दौरान राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

राज्यपाल ने किया राष्ट्रपति का स्वागत
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राजभवन नैनीताल के प्रथम आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखण्ड के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है। राष्ट्रपति महोदया का राज्य के प्रति स्नेह, मार्गदर्शन एवं निरंतर सानिध्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

लघु फिल्म ने दिखाई विरासत की झलक
राज्यपाल ने कहा कि राजभवन नैनीताल पर आधारित लघु फिल्म हमारी विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है। फिल्म यह संदेश देती है कि परंपरा, स्थापत्य और प्रकृति का संतुलन ही हमारे जीवन मूल्यों की वास्तविक प्रेरणा है। इस अवसर पर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। अतिथियों को राज्य की सांस्कृतिक विविधता, लोक-परंपराओं और लोक नृत्य की सुंदर झलक से परिचित कराया गया। सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन ने उपस्थित सभी गणमान्य लोगों का स्वागत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button