उत्तराखंड

कीर्तिनगर में पेपर लीक पर प्रदर्शन, पीएमओ को भेजा ज्ञापन

गणेश भट्ट ने कहा कि देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से छात्र-छात्राओं में भारी आक्रोश है।

श्रीनगर। कीर्तिनगर तहसील परिसर में युवाओं ने जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया। साथ ही तहसील के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के नाम ज्ञापन भी भेजा गया।
शुक्रवार को समाजसेवी गणेश भट्ट के नेतृत्व में युवाओं ने कीर्तिनगर बाजार से तहसील तक पैदल मार्च निकाला। यहां पहुंच तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
गणेश भट्ट ने कहा कि देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से छात्र-छात्राओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर 20 जुलाई को बल प्रयोग किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई। समाजसेवी बीना चौधरी नेगी ने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार और बल प्रयोग के मामले में दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।प्रदर्शन के दौरान कुलदीप राणा, रवींद्र बिष्ट, अभिषेक उपाध्याय, प्रवीण सालेरा, विजय कुमार, अनिल खत्री समेत अन्य युवाओं ने भी अपने विचार रखे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button