उत्तराखंड
100 वर्षीय मतदाता दाताराम पुरोहित बने लोकतंत्र के प्रेरणास्रोत
उनकी सक्रियता अन्य मतदाताओं को भी अपने लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा प्रदान करती है।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में उत्साहपूर्वक भरकर सौंपा गणना प्रपत्र
रुद्रप्रयाग। प्रदेशभर में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में भी मतदाता सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य सोमवार से प्रारंभ हो गया। अभियान के पहले ही दिन ग्राम कुरझण के लगभग 100 वर्षीय वरिष्ठ मतदाता दाताराम पुरोहित ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट निष्ठा और जागरूकता का परिचय देते हुए उत्साहपूर्वक गणना प्रपत्र भरकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को सौंपा।
मतदेय स्थल संख्या-182 के मतदाता दाताराम पुरोहित की सक्रिय सहभागिता न केवल अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक बनी, बल्कि यह भी दर्शाती है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनकी लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता युवा पीढ़ी के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण है।
वरिष्ठ मतदाता दाताराम पुरोहित जैसे नागरिक लोकतंत्र की जीवंत धरोहर हैं। उनकी भागीदारी यह संदेश देती है कि आयु चाहे कितनी भी हो, मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए रखने में हर नागरिक का योगदान आवश्यक है। उनकी सक्रियता अन्य मतदाताओं को भी अपने लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा प्रदान करती है।
जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए 29 मई से 7 जून 2026 तक बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। वर्तमान में जनपद के सभी 362 मतदेय स्थलों पर 362 बीएलओ तैनात किए गए हैं, जो 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 सितम्बर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनका नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितम्बर 2026 को किया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों और मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ के घर-घर भ्रमण के दौरान उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार की जा सकती है, जो सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है।



