इंद्रमणि नौटियाल को लेकर उनके घर पहुंचे रोशन रतूड़ी, जमकर की गयी आतिशबाजी
इस दौरान लोगों ने लोकगीत भी गाए। आधी रात में खुशी में गाया गया बेड़ू पाको बारा मासा गीत दूर तक गूंजता रहा।

उत्तरकाशी। एक सड़क हादसे के मामले में सऊदी अरब में कानूनी लफड़े में फंसे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल को लेकर अंतरराष्ट्रीय समाज सेवी रोशन रतूड़ी उनके घर पहुंचे। इस मौके पर लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई।
जैसे ही रोशन रतूड़ी, इंद्रमणि नौटियाल को लेकर उनके घर पहुंचे वहां उनके इंतजार में खड़े लोग भावुक हो गए। सभी लोग इंद्रमणि नौटियाल को गले लगाने को आतुर दिखे। लोगों ने अनार और फुलझड़ी जलाकर अपनी खुशी व्यक्त की। इस दौरान लोग बग्वाल गाते और जयकारे लगाते भी सुनाई दिए। लोगों ने अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी की जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि रतूड़ी के बिना इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी संभव नहीं थी। इस दौरान लोगों ने लोकगीत भी गाए। आधी रात में खुशी में गाया गया बेड़ू पाको बारा मासा गीत दूर तक गूंजता रहा। इस दौरान रोशन रतूड़ी से भी गीत गाने की फरमाइश की गई तो उन्होंने नाचकर अपनी खुशी जताई। इस दौरान अति उत्साही युवाओं ने भारत माता की जय के नारे भी लगाए। इस मौके पर लोगों ने कहा कि कुछ रिश्ते खून से नहीं, इंसानियत से बनते हैं। आज इंद्रमणि नौटियाल जी की घर वापसी ने हर उत्तराखंडी की आँखें खुशी से नम कर दीं। रोशन रतूड़ी भाई, आपने एक परिवार का दर्द अपना समझकर जो संघर्ष किया, वह हमेशा याद रहेगा। आपकी इंसानियत और निस्वार्थ सेवा को दिल से सलाम। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के निवासी ट्रक चालक इंद्रमणि नौटियाल एक भीषण सड़क हादसे और उसके बाद कोर्ट द्वारा लगाए गए भारी मुआवजे (ब्लड मनी) को न चुका पाने के कारण करीब 9 साल 10 महीने तक सऊदी अरब में फंसे रहे थे। मामला सऊदी अरब की अल-कुरैया कोर्ट में चला। कोर्ट ने उन्हें जेल की सजा सुनाई। अपनी सजा पूरी करने के बावजूद वे भारत नहीं लौट सके क्योंकि कोर्ट ने पीड़ित परिवारों को मुआवजे के रूप में 9 लाख से अधिक सऊदी रियाल जो भारतीय करेंसी में करीब 2.30 से 2.51 करोड़ रुपये था जमा करने का आदेश दिया था। आर्थिक तंगी के कारण उनका परिवार यह रकम नहीं चुका पा रहा था। उनकी बेटी दीपिका की मुहिम, अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के प्रयासों और आम लोगों से जुटाए गए करीब 2.32 करोड़ रुपये के चंदे से यह मुआवजा जमा किया गया। इसके बाद उनकी सुरक्षित भारत वापसी संभव हो सकी।



