
वाहन में सवार महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस अपने गांव में जा रही थी
वाहन सड़क से करीब 300 मीटर नीचे खाई में गिरा
मृतकों का पंचनाम भरकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
घायलों को तुरंत पास के हॉस्पिटल भिजवाया गया
पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसा रिखणीखाल थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरा एक वाहन बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरा। फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार वाहन में 12 लोग सवार थे, जिसमें से 8 लोगों की मौत हो गई।
हादसा रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाडी गांव के पास हुआ, जहां एक ईको वाहन यूके 15 टीए 2152 खाई में गिर गया। वाहन में सवार 12 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उसमें कई महिलाएं हैं, जो भंगनवांन गांव की रहने वाली थी। हादसा दिन में करीब 12 बजे हुआ। वाहन सड़क से करीब 300 मीटर नीचे खाई में गिरा था।
बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस अपने गांव में जा रही थी, लेकिन बीच रास्ते में ही कलवाडी गांव के पास ये हादसा हो गया और 8 लोगों की जान चली गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को तुरंत पास के हॉस्पिटल भिजवाया गया। वहीं मृतकों का पंचनाम भरकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मदद के लिए पहुंचे। वहीं, सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। हादसे के बाद ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शवों को बाहर निकालने के प्रयास किए गए। पुलिस व प्रशासन की टीम ने सभी मृतकों के शव को निकालकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने खाई में गिरे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुःख व्यक्त किया
देहरादून। इस हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। इस हृदयविदारक दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।



