उत्तराखंड
डॉ. कैलाश पुष्पवान के निधन से देवरिया ताल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला स्थगित
इस वर्ष भी मेले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां देवरिया ताल पहुंचने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था।

चार सितंबर को प्रस्तावित था भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
मेला समिति ने सर्वसम्मति से लिया निर्णय
रुद्रप्रयाग। पंचकेदार होटल व होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पवान के पति डॉ. कैलाश पुष्पवान के सड़क हादसे में हुए आकस्मिक निधन से समूचा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है। क्षेत्र में व्याप्त शोक को देखते हुए पर्यटक स्थल देवरिया ताल में आगामी चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रस्तावित धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले को स्थगित कर दिया गया है।
मेला महामंत्री योगेंद्र नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि देवरिया ताल में प्रत्येक वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी मेले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां देवरिया ताल पहुंचने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था। मेले को लेकर ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों में खासा उत्साह था।
उन्होंने बताया कि डॉ. कैलाश पुष्पवान के असामयिक निधन से क्षेत्रवासियों के साथ ही मेला समिति में भी गहरा शोक व्याप्त है। वर्तमान परिस्थितियों में जन्माष्टमी मेले का आयोजन करना उचित नहीं समझते हुए मेला समिति ने सर्वसम्मति से चार सितंबर को प्रस्तावित आयोजन स्थगित करने का निर्णय लिया है।
डॉ. कैलाश पुष्पवान सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के साथ ही होटल एवं होम स्टे व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों के लिए निरंतर सक्रिय रहे। उनके आकस्मिक निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए मेला समिति ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की है।
मेला समिति के निर्णय को क्षेत्रवासियों ने भी उचित बताते हुए दिवंगत डॉ. कैलाश पुष्पवान को श्रद्धांजलि अर्पित की है। मेला महामंत्री योगेंद्र नेगी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि शोक की इस घड़ी में सभी लोग शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े रहें और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें।



