
सोमवार सुबह मसूरी रोड पर हुआ खूनी खेल
मॉनिंग वॉक पर निकले रिटायर ब्रिगेडियर गोली लगने से मौत
आरोपी हुए फरार, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
देहरादून। सोमवार सुबह राजपुर थाना क्षेत्र में मसूरी रोड पर मालसी क्षेत्र के पास दो कार सवारों के बीच रास्ता न देने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। आरोपियों द्वारा कार रोकने के लिए चलाई गई गोली दुर्घटनावश मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को जा लगी। उस व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहंुची पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित राजपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो कार चालकों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद झड़प में बदल गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रुकवाने के उद्देश्य से उसके टायरों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रिटायर्ड ब्रिगेडियर 70 साल के थे। घटना के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि जोहड़ी गांव के पास ओवरटेकिंग और फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसमें एक निर्दाेष व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जमीनी विवाद में साठ वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या
ऊधम सिंह नगर। जनपद के गदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बकेनिया सकेनिया गांव में जमीन के विवाद के चलते 60 वर्षीय सर्वेश्वर सिंह पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के भाई पर लगा है। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वेश्वर सिंह का अपने ही परिवार में जमीन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने बीती देर रात हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि उनके भाई सर्वजीत सिंह ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अवस्था में सर्वेश्वर सिंह को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए रुद्रपुर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया है।
गदरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे जमीन के विवाद की बात सामने आ रही है और परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके और सबूतों के आधार पर मजबूत कार्रवाई की जा सके।



