ब्लॉक कार्यकारिणी के साथ राशिस की महत्वपूर्ण बैठक
इस दौरान संघ ने कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शिक्षक हितों की रक्षा को लेकर एकजुट, प्रतिबद्ध और सतत संघर्षशील है।

ब्लॉकों के लंबित प्रकरणों पर हुई चर्चा
रुद्रप्रयाग। राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आलोक रौथाण की अध्यक्षता में तीनों ब्लॉक कार्यकारिणियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में आयोजित की गई। इस दौरान मंडलीय कार्यकारिणी गढ़वाल मंडल की बैठक में दिए गए निर्देशों को ब्लॉक स्तर तक स्पष्ट रूप से पहुंचाकर एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श के साथ-साथ सभी सम्बन्धित ब्लॉकों के लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ब्लॉक की समस्याओं, प्रशासनिक अड़चनों एवं शिक्षक-हित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना गया और उन्हें प्राथमिकता क्रम में संकलित किया गया। सर्वसम्मति से माना गया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान ही शिक्षक मनोबल को सुदृढ़ कर सकता है। संगठन ने स्पष्ट किया कि केवल चर्चा ही नहीं, बल्कि ठोस कार्यवाही आवश्यक है। इसी क्रम में यह निर्णय लिया गया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी के साथ अविलंब शीघ्र वार्ता कर सभी लंबित प्रकरणों को उनके समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। जिससे समयबद्ध एवं न्यायसंगत समाधान किया जा सके।
इस दौरान संघ ने कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शिक्षक हितों की रक्षा को लेकर एकजुट, प्रतिबद्ध और सतत संघर्षशील है। ब्लॉक से लेकर मंडल व प्रांत स्तर तक समन्वय बनाकर समस्याओं के समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि 1999-2004 के बीच नियुक्त शिक्षकों के बीस साल से लंबित कनिष्ठ वरिष्ठ वेतन विसंगति के मामले अधिकांश शिक्षकों के हल हो गये है। जिनके प्रकरण अभी तक वित्त अधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचे है वे अपने प्रकरण सीधे वित्त अधिकारी कार्यालय भिजवा दें। संगठन ने विभाग से बोर्ड परीक्षा ड्यूटी मानक के अनुसार निकटतम परीक्षा केंन्द्रों पर लगाने तथा जिन शिक्षकाओं का सीसीएल के लिए आवेदन किये है उनके आवेदन पर तीनों खंड शिक्षा अधिकारी गंभीरता से विचार कर जायज सीसीएल अवकाश स्वीकृत करने की मांग की। उन्होने कहा कि जब तक हर शिक्षक की समस्याओं का समाधान नहीं होता तब तक संगठन शांत नहीं बैठेगा। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री शंकर भट्ट ने किया। इस दौरान जिला संरक्षक नरेश कुमार भट्ट, उपाध्यक्ष शीशपाल पंवार, जिला उपाध्यक्ष महिला कुसुम भट्ट, जिला सयुंक्त मंत्री दीपक कुमार नेगी, जिला सयुंक्त मंत्री महिला विमला राणा, जिला संगठन मंत्री
मनमोहन गुसांई, जिला संगठन मंत्री महिला सुलेखा सेमवाल, ब्लॉक अध्यक्ष जखोली प्रवीण घिडियाल, माही कोटियाल, ब्लॉक अध्यक्ष अगस्त्यमुनी अंकित रौथाण, ब्लॉक अध्यक्ष ऊखीमठ पंचम राणा, कैलाश गार्ग्य, दिलबर कोटवाल, केशव बिज्वलवाण, जनपद कार्यकारिणी सदस्य गौरव सती, विजय भारती सहित अन्य मौजूद थे।



