
5 मजदूरों की तलाश के लिए युद्ध स्तर पर हो रहा रेस्क्यू अभियान
सड़कें अवरुद्ध होने के कारण 6 हेलीकॉप्टर किए गए तैनात
चमोली। उत्तराखंड के माणा में आए एवलॉन्च के दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एक दुखद समाचार मिला कि ग्लेशियर के मलबे से रेस्क्यू किए गए 4 मजदूर की मौत हो चुकी है। अब तक 50 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। 5 लोगों के लिए रेस्क्यू जारी है।
पीआरओ रक्षा देहरादून लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने अपडेट दिया है कि सेना की आइबेक्स ब्रिगेड की बचाव टीम के नेतृत्व में हिमस्खलन बचाव अभियान अभी चल रहा है। सेना के एक्सपर्ट युद्ध स्तर पर सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाए हुए हैं। रेस्क्यू में कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है। स्थितियां दुरूह हैं, लेकिन रेस्क्यू टीम का हौसला बुलंद है।
सड़कें अवरुद्ध होने के कारण कुल 6 हेलीकॉप्टरों को लोगों को निकालने के लिए तैनात किया गया है। हेलीकॉप्टरों में भारतीय सेना विमानन के 3 चीता हेलीकॉप्टर, भारतीय वायु सेना के 2 चीता हेलीकॉप्टर और भारतीय सेना द्वारा किराए पर लिया गया एक नागरिक हेलीकॉप्टर शामिल है।
अभी तक, रेस्क्यू किए गए 50 में से 27 व्यक्तियों को जोशीमठ पहुंचाया गया। दुर्भाग्य से इन घायलों में से 4 घायलों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। बाकी 5 श्रमिकों को निकालने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।
5 व्यक्तियों को बचाने के लिए सेना द्वारा खोज अभियान जारी है। गौरतलब है कि चमोली के माणा में शुक्रवार को आए एवलॉन्च के मलबे में बीआरओ के लिए काम कर रहे 55 श्रमिक दब गए थे। 33 श्रमिकों का रेस्क्यू शुक्रवार को ही कर लिया गया था। 17 श्रमिकों का रेस्क्यू आज शनिवार को किया गया। इनमें से 4 श्रमिकों ने दम तोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि माणा से सभी घायलों को जोशीमठ लाया जा रहा है जहां से गंभीर रूप से घायलों को एम्स लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें केंद्र सरकार की इस रेस्क्यू कार्य में भरपूर मदद मिल रही है। गृह मंत्रालय तथा पीएमओ लगातार संपर्क में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लापता लोगों को जल्द बरामद कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खराब मौसम व भारी बर्फबारी के कारण इसमें थोड़ी बाधा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 10-12 फीट तक बर्फ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के 50 ब्लॉक में बिजली आपूर्ति व संचार सेवा प्रभावित हुई जिसे दुरस्त करने के प्रयास किया जा रहे हैं।
रेस्क्यू अभियान का जायजा लेने चामोली पहंचे सीएम धामी
देहरादून। चमोली के माणा में बीते रोज एवलांच की चपेट में आये 55 मजदूर में से अधिकांश को रेस्क्यू किया जा चुका है, लेकिन पांच अभी भी लापता है जिनका कुछ पता नहीं चल सका है। उन्हें तलाशने के लिए अभी भी युद्ध स्तर पर रेस्क्यू अभियान जारी है। जिसमें वायु सेवा के जवान तथा हेलीकॉप्टरों से लेकर आइटीबीपी एनडीआरएफ व बीआरओ के जवान जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सुबह हालात का जायजा लेने घटनास्थल तक पहुंचे जहां उन्होंने रेस्क्यू किए गए मजदूरों और रेस्क्यू में जुटे लोगों से हालात की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल का हवाई सर्वेक्षण किया तथा रेस्क्यू अभियान में जुटे वायु सेना के जवानों से भी स्थिति का जायजा लिया तथा उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। इसके उपरांत वह जोशीमठ ज्योर्तिपीठ पीठ पहुंचे और इस हादसे में घायल हुए लोगों का हाल भी जाना। उल्लेखनीय है जोशीमठ के सैन्य अस्पताल में 14 घायलों का इलाज किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून वापस लौटकर यहां अधिकारियों की एक बैठक ली तथा पूरे घटनाक्रम पर विचार मंथन किया। मुख्यमंत्री आपदा नियंत्रण से भी लगातार संपर्क बनाए हुए है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइड पर 55 बीआरओ के मजदूर घटना के समय मौजूद थे, जिनमें से 33 को बीते कल देर शाम तक रेस्क्यू कर लिया गया था जबकि शनिवार सुबह चलाये गये अभियान में 17 अन्य मजदूरों का रेस्क्यू किया गया तथा अब तक कुल 50 लोगों को रेस्क्यू किया जा सका है तथा पांच के आसपास लोग अभी लापता है जिनका पता लगाया जा रहा है। रेस्क्यू कार्य में 200 से अधिक लोग व अधिकारियों की टीमें जुटी हुई है।