
देहरादून। वाहन चोरी मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी निशानदेही पर चोरी की दो बाइक बरामद हुई है। आरोपी नशे के आदी है जिन्होने नशापूर्ति के चलते इन वारदातों को अंजाम दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार बीती 2 नवम्बर को मोहम्मद खुर्रम पुत्र मेहरबान निवासी वन बिहार मेंहूवाला, पटेल नगर द्वारा अपने दुपहिया वाहन के चोरी होने के संबंध में कोतवाली पटेलनगर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी गयी। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बीती रात एक सूचना के बाद महाराणा प्रताप पार्क में तलाशी अभियान के दौरान घटना में शामिल दो आरोपियों को घटना में चोरी किए गए वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ मे उन्होने अपना नाम नासिर उर्फ माठू पुत्र बाबू अहमद निवासी आजाद कॉलोनी पटेल नगर व सादिक उर्फ सोनू पुत्र शहीद निवासी ग्राम माधोपुर थाना गंग नहर जनपद हरिद्वार बताया। पूछताछ में आरोपियो द्वारा बताया गया कि वह दोनों नशे के आदी हैं तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये उनके द्वारा उक्त वाहन चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर प्रेम नगर क्षेत्र से चोरी किया गया एक अन्य वाहन भी बरामद किया गया है।



