उत्तराखंडदेहरादून

डीएवी छात्र संघ चुनावों के बीच देखने को मिला घमासान

उन्होंने चुनाव से पहले कांग्रेस समर्थित छात्र नेताओं की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया है।

नाटकीय घटनाक्रम के बाद कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट बंटू को लिया हिरासत में
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने छात्र संघ चुनावों में पुलिस के दुरुपयोग का लगाया आरोप

देहरादून। डीएवी छात्र संघ चुनावों के बीच घमासान देखने को मिल रहा है। पुलिस ने बड़े ही नाटकीय घटनाक्रम के बाद कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट बंटू को हिरासत में लिया है। उन्हें आज सुबह 9.30 बजे डीएवी पीजी कॉलेज कैंपस से पुलिस ने डिटेन किया। उसके बाद उन्हें रायपुर थाने ले जाया गया। कांग्रेस के नेता उनसे मिलने रायपुर थाने पहुंचे हुए हैं। बता दें विनीत प्रसाद भट्ट बंटू छात्र संघ चुनाव में तजुर्बे के आधार पर खासी पैठ रखते हैं। इससे पहले वह एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष रहे हैं।
बता दें इससे पहले कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ। जिसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस ने एसपी सिटी शेखर सुयाल की मौजूदगी में अचानक राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में दबिश दी। विनीत प्रसाद भट्ट पुलिस को चकमा देते हुए कांग्रेस की भवन की छत से उतरकर भाग गए। इस दौरान उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कने की भी चेतावनी दी। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें डीएवी पीजी कॉलेज से हिरासत में ले लिया। फिलहाल उन्हें रायपुर थाने ले जाया गया है। इधर कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि प्रशासनिक दबाव बनाकर भाजपा छात्र संघ चुनाव जीतना चाहती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने छात्र संघ चुनावों में पुलिस दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने चुनाव से पहले कांग्रेस समर्थित छात्र नेताओं की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया है। गणेश गोदियाल ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि छात्र संघ चुनाव विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लोकतांत्रिक मूल्यों अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और छात्रों की राजनीतिक भागीदारी का प्रमुख माध्यम होता है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्र संघ इलेक्शन में अपनी संभावित हार को देखते हुए कांग्रेस समर्थित छात्र संगठनों के नेताओं को दबाव में लेने का प्रयास कर रही है। चुनावी माहौल के बीच पुलिस के माध्यम से गिरफ्तारियां अनावश्यक पूछताछ, मुकदमे और भय का वातावरण बनाया जा रहा है।जिससे विपक्षी छात्र संगठनों के प्रत्याशियों को चुनाव में जीत नहीं मिल सके।
गणेश गोदियाल ने कहा कि छात्र अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए अपने प्रतिनिधियों को चुनते हैं, लेकिन चुनाव के दौरान राजनीतिक दबाव में किसी संगठन विशेष को कमजोर करने का प्रयास करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर छात्र संघ चुनाव को प्रभावित करने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग जारी रहेगा तो फिर कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इसका जोरदार विरोध करेगी।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट का कहना है कि छात्र संघ चुनाव हो या फिर विधानसभा और लोकसभा के चुनाव हो, हर चुनाव में भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करती है। विपक्ष पर अनावश्यक दबाव बनाती है। उन्होंने कहा विनीत प्रसाद भट्ट एनएसयूआई के बहुत वरिष्ठ नेता रहे हैं। वर्तमान में कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव हैं। उनकी छात्र राजनीति में बड़ी पकड़ है।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा आज डीएवी पीजी कॉलेज में मतदान प्रक्रिया चल रही है। चुनाव की पूर्व संध्या पर विनीत प्रसाद पर पुराने फर्जी मुकदमों का बहाना बनाकर पुलिस ने उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की है। उसकी जितनी भी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कांग्रेस मजबूती के साथ विनीत प्रसाद भट्ट बंटू के साथ खड़ी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button