उत्तराखंडदेहरादून

आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर रखें कड़ी नजरः सीएस

उन्होंने आयुक्त खाद्य बी.एल. राणा से आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं बाजार भाव की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

कालाबाजारी व जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश में खाद्यान्न एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आयुक्त खाद्य बी.एल. राणा से आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं बाजार भाव की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि आमजन को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर निर्बाध रूप से उपलब्ध हों, इसके लिए सम्बन्धित विभाग लगातार और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री, डीजल-पेट्रोल, एलपीजी तथा अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए सम्बन्धित विभाग नियमित निरीक्षण अभियान चलाएं तथा बाजारों, गोदामों और थोक विक्रेताओं की लगातार जांच सुनिश्चित करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को राहत देने और बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से चारधाम यात्रा से जुड़े जनपदों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आयुक्त खाद्य बी.एल. राणा, चीफ मार्केटिंग ऑफिसर डॉ. एम.एस. विसेन, रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर सी.एम. घिल्डियाल तथा उपायुक्त निधि रावत भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button