उत्तराखंड

ढोल-दमाऊ की थाप पर जीवंत हो रही पहाड़ की लोक संस्कृति

खास बात यह है कि रोजगार और शिक्षा के सिलसिले में शहरों में रह रहे प्रवासी परिवार भी इन दिनों अपने पैतृक गांवों में पहुंचकर परंपराओं का हिस्सा बन रहे हैं।

पांडव नृत्य से गुलजार हुए गांव
सर्द मौसम में गांव-गांव गूंज रहे पांडवों और देवी-देवताओं के जयकारे
धार्मिक अनुष्ठानों में उमड़ रही ग्रामीणों की भीड़
प्रवासियों और धियाणियों की घर वापसी से सूने गांवों में लौटी रौनक
नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ रहे परिवार
स्थानीय युवा एवं शोधकर्ता ने उठाई सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की मांग
कहा- लोक परंपराओं को बचाने के लिए सरकार को करने होंगे ठोस प्रयास

रुद्रप्रयाग। पहाड़ों में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। सुबह-शाम चल रही सर्द हवाओं और गिरते तापमान के बीच जहां जनजीवन ठंड से प्रभावित होने लगा है, वहीं रुद्रप्रयाग जनपद के गांवों में आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का उल्लास चरम पर है। कहीं ढोल-दमाऊ की गूंज सुनाई दे रही है तो कहीं पांडवों के अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया जा रहा है। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर प्रस्तुत किए जा रहे पांडव नृत्य ने ग्रामीण अंचलों में उत्सव जैसा वातावरण बना दिया है। जनपद के तरवाड़ी, थपलगांव, चीनग्वाड़ सहित अनेक गांवों में इन दिनों पांडव नृत्य और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की धूम है।
सुबह से ही गांवों में पूजा-अर्चना और पारंपरिक धार्मिक विधि-विधानों का सिलसिला शुरू हो जाता है। दिन ढलने के साथ ढोल-दमाऊ, भंकोरे और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज वातावरण को भक्तिमय बना देती है। पांडवों के शौर्य, संघर्ष और महाभारत से जुड़े प्रसंगों को पारंपरिक नृत्य के माध्यम से जीवंत किया जा रहा है। इन आयोजनों में बुजुर्गों के साथ युवा, महिलाएं और बच्चे भी बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं। खास बात यह है कि रोजगार और शिक्षा के सिलसिले में शहरों में रह रहे प्रवासी परिवार भी इन दिनों अपने पैतृक गांवों में पहुंचकर परंपराओं का हिस्सा बन रहे हैं।
पांडव नृत्य उत्तराखंड विशेषकर गढ़वाल की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शीतकाल में आयोजित होने वाले इन अनुष्ठानों का ग्रामीण जीवन में विशेष महत्व है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इन आयोजनों में पांडवों और लोक देवी-देवताओं का आह्वान किया जाता है। ढोल-दमाऊ की विशिष्ट ताल, पारंपरिक नृत्य शैली और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से ग्रामीण सदियों पुरानी परंपराओं का निर्वहन करते हैं।
पांडव नृत्य महज मनोरंजन या सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज की गहरी धार्मिक आस्था और सामूहिक पहचान का प्रतीक है। महाभारत के विभिन्न प्रसंगों, पांडवों के शौर्य, वनवास और धार्मिक यात्राओं से जुड़ी लोक मान्यताओं को इसमें विशेष स्थान मिलता है। कई गांवों में पांडव नृत्य के दौरान पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों का पूजन भी किया जाता है। यही वजह है कि इन आयोजनों को ग्रामीण अपनी आस्था, पूर्वजों की विरासत और सामाजिक एकजुटता से जोड़कर देखते हैं।
पांडव नृत्य के आयोजनों का सबसे खूबसूरत पक्ष यह है कि इनके बहाने पलायन से प्रभावित पहाड़ के सूने गांवों में एक बार फिर रौनक लौटने लगी है। रोजगार, शिक्षा और बेहतर सुविधाओं की तलाश में देहरादून, ऋषिकेश, श्रीनगर, हरिद्वार, दिल्ली सहित अन्य शहरों में रह रहे प्रवासी ग्रामीण अपने पैतृक गांवों का रुख कर रहे हैं। वहीं, विवाहित बेटियां यानी धियाणियां भी मायके पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में शामिल हो रही हैं।
इन आयोजनों के चलते वर्षों बाद परिवारों और रिश्तेदारों का मिलन हो रहा है। घरों में चहल-पहल बढ़ गई है और गांव की गलियां लोगों की आवाजाही से गुलजार हैं। कहीं रिश्तेदारों के मिलने-जुलने का सिलसिला चल रहा है तो कहीं सामूहिक भोज और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां हो रही हैं। सामान्य दिनों में जहां पलायन के कारण कई गांवों में सन्नाटा पसरा रहता है, वहीं इन दिनों वहां उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है।
धियाणियों के लिए मायके की मिट्टी, बचपन की यादों और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ने का यह अवसर विशेष भावनात्मक महत्व रखता है। वहीं, प्रवासी परिवार अपने बच्चों को भी गांव लेकर पहुंच रहे हैं, ताकि वे अपनी सांस्कृतिक विरासत को केवल कहानियों में न सुनें, बल्कि उसे अपनी आंखों से देखें और महसूस करें।
पहाड़ों से लगातार हो रहे पलायन के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में प्रवासियों की बढ़ती भागीदारी एक सुखद तस्वीर पेश कर रही है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते भले ही बड़ी संख्या में लोगों ने गांव छोड़कर शहरों का रुख किया हो, लेकिन अपनी जन्मभूमि और सांस्कृतिक जड़ों से उनका जुड़ाव आज भी कायम है।
प्रवासी परिवार अब बच्चों को विशेष रूप से ऐसे आयोजनों में शामिल कराने को प्राथमिकता दे रहे हैं। वे चाहते हैं कि शहरों में पले-बढ़े बच्चे अपनी पारिवारिक विरासत, लोकगीतों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों, रीति-रिवाजों और धार्मिक मान्यताओं को करीब से समझें। बच्चों को गांव के सामाजिक एवं धार्मिक वातावरण से परिचित कराने का यह प्रयास नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम बन रहा है।
ग्रामीणों का मानना है कि संस्कृति का वास्तविक ज्ञान पुस्तकों और कहानियों से ही नहीं, बल्कि परंपराओं में प्रत्यक्ष भागीदारी से मिलता है। ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी पहचान समझने के साथ ही गांव और समाज से जुड़े रहने की प्रेरणा भी दे रहे हैं।

संस्कृति के संरक्षण के लिए सरकार उठाए ठोस कदमः रोबिन रावत
स्थानीय युवा एवं शोधकर्ता रोबिन रावत का कहना है कि उत्तराखंड की पौराणिक संस्कृति, लोक परंपराएं और रीति-रिवाज प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इन्हें केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पांडव नृत्य, लोक देवी-देवताओं की परंपराएं, पारंपरिक वाद्य यंत्र और धार्मिक अनुष्ठान हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं। आधुनिकता के इस दौर में यदि इनके संरक्षण के लिए समय रहते ठोस पहल नहीं की गई तो आने वाली पीढ़ियों तक इन परंपराओं को पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
उन्होंने सरकार से गांव स्तर पर सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहन देने, युवाओं को लोक कलाओं से जोड़ने और पारंपरिक विधाओं से जुड़े कलाकारों एवं वाद्य यंत्र वादकों को उचित सम्मान तथा आर्थिक सहयोग देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाना सरकार के साथ ही समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

बुजुर्ग बोले, संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं आयोजन
स्थानीय बुजुर्ग नरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि पांडव नृत्य जैसे धार्मिक आयोजन पहाड़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से एक पीढ़ी अपने अनुभव, मान्यताएं और सांस्कृतिक ज्ञान अगली पीढ़ी तक पहुंचाती है।
उन्होंने कहा कि यह सुखद है कि आज युवा और बच्चे भी इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इससे उन्हें अपनी संस्कृति, परंपराओं और पूर्वजों की विरासत को समझने का अवसर मिल रहा है। धार्मिक आयोजनों के बहाने प्रवासियों और धियाणियों की गांव वापसी से सामाजिक मेलजोल, पारिवारिक रिश्तों और आपसी भाईचारे को भी मजबूती मिल रही है।

महाभारत काल से जुड़ी हैं पांडव नृत्य की मान्यताएं
पांडव नृत्य के पीछे कई पौराणिक मान्यताएं प्रचलित हैं। लोक मान्यता के अनुसार महाभारत युद्ध के बाद पांडव अपने परिजनों की हत्या और युद्ध से जुड़े पापों से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव की खोज में हिमालय क्षेत्र पहुंचे थे। मान्यता है कि भगवान शिव ने पांडवों को दर्शन देने से बचने के लिए विभिन्न रूप धारण किए और अंततः केदारखंड में केदारनाथ के रूप में प्रकट हुए।
गढ़वाल क्षेत्र में पांडवों की इस धार्मिक यात्रा और महाभारत से जुड़ी घटनाओं की स्मृतियां आज भी लोक परंपराओं में जीवित हैं। इन्हीं मान्यताओं और धार्मिक आस्था से जुड़ा पांडव नृत्य पीढ़ियों से पहाड़ के गांवों में आयोजित होता आ रहा है। समय के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं और प्रस्तुतियों में बदलाव जरूर आया है, लेकिन इसकी मूल धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावना आज भी कायम है।

पलायन के बावजूद पहाड़ से नहीं टूटा लोगों का रिश्ता
पहाड़ों में बढ़ती ठंड के बीच ढोल-दमाऊ की थाप पर गूंजते पांडव नृत्य ने गांवों को नई ऊर्जा दे दी है। देवी-देवताओं के जयकारे, धार्मिक अनुष्ठान, प्रवासियों की घर वापसी और धियाणियों की चहल-पहल ग्रामीण जीवन की उस खूबसूरत तस्वीर को सामने ला रही है, जो पलायन और बदलते दौर में कहीं पीछे छूटती जा रही थी।
इन आयोजनों ने साबित किया है कि रोजगार, शिक्षा और बेहतर सुविधाओं की तलाश में लोगों ने भले ही अपना गांव छोड़ा हो, लेकिन उनकी भावनाओं में आज भी अपनी मिट्टी, अपनी संस्कृति और अपनी जन्मभूमि के लिए गहरा लगाव है।
पांडव नृत्य जैसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था को मजबूत नहीं करते, बल्कि बिखरते पारिवारिक रिश्तों को जोड़ने, सामाजिक एकजुटता बढ़ाने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी काम करते हैं। जरूरत इस बात की है कि सरकार और समाज मिलकर इन परंपराओं के संरक्षण के लिए ठोस पहल करें, ताकि पहाड़ में ढोल-दमाऊ की यह गूंज, लोक संस्कृति की यह पहचान और पांडव नृत्य की यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक इसी श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवंत बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button