उत्तराखंड

सतेराखाल में सामाजिक विज्ञान महोत्सव, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

प्रत्येक प्रतियोगिता से चयनित विद्यार्थी आगामी स्तर पर न्याय पंचायत संकुल का प्रतिनिधित्व करेगा।

मॉडल प्रदर्शनी, भाषण और क्विज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित

रुद्रप्रयाग। न्याय पंचायत संकुल सतेराखाल के अंतर्गत सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में संकुल के पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर मॉडल प्रदर्शनी, भाषण प्रतियोगिता और सामाजिक विज्ञान क्विज में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं विषयगत ज्ञान का प्रदर्शन किया।
मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों और अवधारणाओं को आकर्षक एवं रचनात्मक मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत किया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे। वहीं, सामाजिक विज्ञान क्विज में विद्यार्थियों ने विषयगत ज्ञान के साथ सामान्य जागरूकता और तार्किक क्षमता का परिचय दिया।
मॉडल प्रदर्शनी में राजकीय इंटर कॉलेज मालतोली के रुद्र कुमार ने प्रथम, सतेराखाल के आर्यन ने द्वितीय तथा पोला की अनामिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सतेराखाल की पायल प्रथम, राजीव नवोदय की अंशिका द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज मालतोली के तन्मय तृतीय रहे। सामाजिक विज्ञान क्विज में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय मालतोली के आरव पटवाल ने प्रथम, पोला की अंशिका ने द्वितीय तथा सतेराखाल की रागिनी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में न्याय पंचायत संकुल समन्वयक चौतन्य कुकरेती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि सामाजिक विज्ञान महोत्सव की प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर से शुरू होकर विकासखंड, जनपद और राज्य स्तर तक आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक प्रतियोगिता से चयनित विद्यार्थी आगामी स्तर पर न्याय पंचायत संकुल का प्रतिनिधित्व करेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में विषयगत ज्ञान के साथ रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल, तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर डायट रतूड़ा से गुरु प्रसाद सती, महिपाल कोली, भक्तदर्शन कोली, पिंकी रावत, अनीता एवं कृष्ण चंद्र भट्ट सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button