
21 सितंबर से देहरादून में होगा क्रिकेट का महारोमांच
देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन का पूरा शेड्यूल जारी हो गया है। देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 21 सितंबर से शुरू होने वाली लीग में महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। महिला टीम का फाइनल 24 सितंबर और पुरुष वर्ग का फाइनल 1 अक्टूबर को होगा।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक इस बार लीग का आयोजन 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक देहरादून के रायपुर में राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत महिला वर्ग के मुकाबलों से होगी, जबकि पुरुष वर्ग की शुरुआत 22 सितंबर की शाम हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच मुकाबले से होगी। लीग के दौरान दर्शकों को लगातार क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। पुरुष वर्ग में सात टीमें खिताब के लिए मैदान पर उतरेंगी।
टूर्नामेंट का पहला दिन पूरी तरह महिला क्रिकेट के नाम रहेगा। 21 सितंबर को सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स के बीच मुकाबले से यूपीएल 2026 की शुरुआत होगी। इसके बाद दोपहर तीन बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस आमने-सामने होंगी। शाम 7.30 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा।
पुरुष वर्ग की शुरुआत 22 सितंबर को शाम 7. 30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के मुकाबले से होगी। इसके बाद 23 सितंबर को पिथौरागढ़ हरिकेन्स और टिहरी टाइटन्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। पुरुष वर्ग में इस बार कुल सात टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें पिथौरागढ़ हरिकेन्स, यूएसएन इंडियंस, नैनीताल टाइगर्स, ऋषिकेश रिवर किंग्स, हरिद्वार एल्मास, टिहरी टाइटन्स और देहरादून वॉरियर्स शामिल हैं। टीमों में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ अंडर-23, अंडर-19 और अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है, जिससे उत्तराखंड की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को लीग के बड़े मंच पर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
यूपीएल 2026 के शेड्यूल में 22 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार मुकाबले निर्धारित किए गए हैं। एक दिन में तीन मुकाबले भी खेले जाएंगे। दिन का पहला मुकाबला सुबह 11 बजे, दूसरा दोपहर 3 बजे और तीसरा मुकाबला शाम 7रू30 बजे शुरू होगा। 22 सितंबर को बागेश्वर एरियल और पिथौरागढ़ हरिकेन्स के बीच मुकाबले के साथ दिन की शुरुआत होगी, जबकि शाम को हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स का मुकाबला होगा। इसी तरह 23 सितंबर को मसूरी क्वींस-पिथौरागढ़ हरिकेन्स, बागेश्वर एरियल-देहरादून वॉरियर्स और पिथौरागढ़ हरिकेन्स-टिहरी टाइटन्स आमने-सामने होंगे। इसके बाद 24 सितंबर से पुरुष वर्ग के मुकाबले लगातार आगे बढ़ेंगे।
पुरुष वर्ग की टीमें
पिथौरागढ़ हरिकेन्स
यूएसएन इंडियंस
नैनीताल टाइगर्स
ऋषिकेश रिवर किंग्स
हरिद्वार एल्मास
टिहरी टाइटन्स
देहरादून वॉरियर्स
महिला वर्ग में चार टीमें हिस्सा ले रही
महिला वर्ग में कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं और इन टीमों की कमान आइकॉन खिलाड़ियों को सौंपी गई है। मसूरी क्वींस की कप्तानी नंदिनी कश्यप, बागेश्वर एरियल की प्रेमा रावत, पिथौरागढ़ हरिकेन्स की राघवी बिष्ट और देहरादून वॉरियर्स की श्वेता वर्मा करेंगी। महिला वर्ग के मुकाबले 24 सितंबर तक खेले जाएंगे और इसी दिन शाम 7.30 बजे महिला फाइनल आयोजित होगा।



