उत्तराखंडदेहरादून

 खानपुर विधायक उमेश ने हरीश रावत को बताया नौटंकीबाज

खानपुर विधायक ने उनके खिलाफ टैक्सी का किराया नहीं देने वाले प्रोपेगेंडा का जवाब देते हुए कहा कि मेरे कंपाउंड में ही 100 गाड़ियां खड़ी हैं।

देहरादून। कांग्रेस में खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के पार्टी ज्वाइन करने की कथित चर्चाओं से घमासान मचा है। हरीश रावत खुद इस पर नाराजगी जता चुके हैं। इतना ही नहीं इसके विरोध में वो धन्यवाद और जन संवाद यात्रा निकाल चुके हैं, जिस पर कांग्रेस आलाकमान नाराजगी भी जता चुका है। हरीश रावत, केसी वेणुगोपाल को स्पष्टीकरण देने के लिए दिल्ली गए हैं। इस बीच आरोपों के केंद्र में रहे खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने एक करीब 7.30 मिनट का वीडियो जारी करके तमाम बातें कही हैं।
उत्तराखंड में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की नाराजगी और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कांग्रेस ज्वाइन करने की चर्चाओं के बीच उमेश कुमार ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन करने की चर्चाओं समेत हरीश रावत पर तमाम आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वो कौन सी पार्टी ज्वाइन करने जा रहे हैं। उमेश कुमार ने अपने वीडियो में कहा कि हरीश रावत को लग रहा है कि कांग्रेस में जो बवाल चल रहा है, उसके पीछे मेरा हाथ है। मैं साफ करना चाहता हूं कि मैं खानपुर से ही चुनाव लड़ूंगा और उन्होंने एक पार्टी का नाम लेते हुए कहा कि वो उसके टिकट पर लड़ेंगे। खानपुर विधायक ने उनके खिलाफ टैक्सी का किराया नहीं देने वाले प्रोपेगेंडा का जवाब देते हुए कहा कि मेरे कंपाउंड में ही 100 गाड़ियां खड़ी हैं। टैक्सी का किराया मैं क्यों नहीं दूंगा. अगर मेरे किसी कार्यकर्ता ने ऐसा किया होगा तो उसमें मेरी जिम्मेदारी क्यों होगी।
उमेश कुमार ने हरीश रावत को संबोधित करते हुए कहा कि मैं प्रदेश कांग्रेस में क्यों आना चाहूंगा। इसी कांग्रेस के अनेक नेता मेरे दरवाजे पर खड़े रहते थे। आप भी सीएम बनने से पहले और बाद में मुझसे फोन करके मदद मांगते रहे हैं। निर्दलीय विधायक ने कहा कि शायद मेरे भाग्य में लिखा था कि आपकी सरकार मेरे द्वारा गिरे।कांग्रेस ज्वाइन करने की चर्चा पर उन्होंने कहा कि मेरे इतने बुरे दिन नहीं आ गए हैं कि मैं आप जैसे कांग्रेसियों कि जिंदाबाद के नारे लगाऊं। आपका सम्मान है, लेकिन मैं आपसे हल्का नहीं हूं। उमेश कुमार वीडियो बनाते-बनाते तैश में आ गए. उन्होंने कहा कि जब आप सीएम थे तब मैं आपसे नहीं डरा। मेरे खिलाफ आपके लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं। मैं साफ करना चाहता हूं कि मैं कांग्रेस ज्वाइन नहीं करने जा रहा हूं। ना ही मैं बीजेपी ज्वाइन कर रहा हूं। उमेश कुमार ने कहा कि वो जन निर्माण पार्टी की सदस्यता लेने जा रहे हैं और उसी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। उमेश कुमार ने कहा कि मैं आपके टिकट की आस लेकर राजनीति नहीं करूंगा। उमेश कुमार ने हरीश रावत को ड्रामेबाज और नौटंकीबाज बताते हुए कहा कि आपने राज्य में कांग्रेस का सत्यानाश किया है। असम और पंजाब की कांग्रेस को आपने तबाह किया। अपनी कांग्रेस को आप अपने सिर पर रखकर नाचो। उमेश ने कहा कि मेरी राजनीति कमीशनखोरी से नहीं चलती है। मैं सिंचाई और पीडब्ल्यूडी में कमीशन हीं खाता। मैं गरीब आदमी के लिए राजनीति कर रहा हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button