उत्तराखंड

जाम के कारण 35 किलोमीटर दून से मसूरी पहुंचने में लग रहे 5 घंटे

 पर्यटकों का कहना है कि मसूरी का सुहावना मौसम और प्राकृतिक सुंदरता उन्हें आकर्षित करती है, लेकिन लंबे जाम से सफर का आनंद प्रभावित हो रहा है।

दिल्ली से देहरादून पहुंचने में लग रहे मात्र 2.30 घंटे
पुलिस जाम से निपटने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही

मसूरी। वीकेंड और लगातार छुट्टियों के चलते मसूरी में पर्यटकों की भारी आमद से पर्यटन कारोबार में रौनक है, लेकिन वाहनों के दबाव ने शहर की रफ्तार थाम दी है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर जाम के कारण पर्यटकों को देहरादून से मसूरी पहुंचने में चार से पांच घंटे तक लग रहे हैं। शहर के मुख्य चौराहों और मालरोड पर भी वाहनों की लंबी कतारों के बीच पैदल आवाजाही मुश्किल हो रही है। जाम और पार्किंग की समस्या को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बयान भी सामने आए हैं।
दिलचस्प बात ये है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे बनने के बाद दिल्ली से देहरादून की 215 किलोमीटर की दूरी सिर्फ ढाई घंटे में तय हो रही है। इसके विपरीत देहरादून से मसूरी की 35 किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहनों को पांच घंटे लग रहे हैं। ऐसा वीकेंड पर बड़ी संख्या में मसूरी छुट्टी मनाने आए पर्यटकों के वाहनों से लगे जाम के कारण हो रहा है। ये हाल तब है जब देहरादून पुलिस ने दो दिन पहले ही वीकेंड का ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया था।
पर्यटकों का कहना है कि मसूरी का सुहावना मौसम और प्राकृतिक सुंदरता उन्हें आकर्षित करती है, लेकिन लंबे जाम से सफर का आनंद प्रभावित हो रहा है। शहर में सीमित पार्किंग और सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यातायात का दबाव बढ़ रहा है। मालरोड पर भी पर्यटकों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही से पैदल चलना कठिन हो रहा है।
मसूरी भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि सीमित पुलिस बल के बावजूद मसूरी पुलिस जाम से निपटने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में मसूरी में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए यातायात नियमों का पालन करने और सड़कों पर अनावश्यक वाहन खड़े न करने का आग्रह किया।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता गौरव गुप्ता ने जाम की स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मसूरी के विकास और पार्किंग निर्माण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि दिल्ली से देहरादून पहुंचने में करीब ढाई घंटे लगते हैं, जबकि देहरादून से मसूरी पहुंचने में पांच घंटे तक लग रहे हैं। उनके अनुसार, यह स्थिति यातायात प्रबंधन और पार्किंग सुविधाओं को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत दर्शाती है।

जाम से परेशान पर्यटक और आम लोग
एक ओर पुलिस बल बढ़ाने और यातायात प्रबंधन मजबूत करने की जरूरत बताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर पार्किंग निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। छुट्टियों में उमड़ी भीड़ ने मसूरी के सामने एक बार फिर चुनौती रख दी है कि पर्यटन की रौनक के साथ स्थानीय नागरिकों और सैलानियों की आवाजाही भी सुगम कैसे बनाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button