
हरिद्वार में पुलिस आरोपी से जुटी पूछताछ में
हरिद्वार। मध्य प्रदेश की रहने वाली युवती को सोशल मीडिया के जरिये दोस्ती के बाद हरिद्वार बुलाकर बंधक बनाने, दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने एक्शन लिया है। पथरी पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शाहरुख पुत्र निसार निवासी बादशाहपुर, थाना पथरी के रूप में हुई है। युवती के भाई की शिकायत पर 25 सितंबर को पथरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गुर्जर बस्ती से काठा पीर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार मध्य प्रदेश निवासी युवती की करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर शाहरुख नाम के व्यक्ति से दोस्ती हुई थी। शिकायत के अनुसार उस समय उसका इंस्टाग्राम अकाउंट अमन सिंह नाम से था। कुछ समय बाद उसने अपनी आईडी का नाम बदलकर शाहरुख कर दिया। युवती से कहा कि उसका नाम अमन ही है। उसने कुछ दिन के लिए आईडी का नाम बदला है। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होती रही।
तहरीर के मुताबिक 13 सितंबर को युवती को दिल्ली से आरोपी शादी करने के लिए हरिद्वार लेकर आया। 14 सितंबर की सुबह वह उसे रेलवे स्टेशन से लेकर एक कमरे में गया। आरोप है कि कमरे में आरोपी ने युवती को बताया कि उसे धर्म बदलकर उससे शादी करेगा। युवती के धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने आरोप लगाया कि घटना के समय आरोपी का भाई और उसकी मां कमरे के बाहर मौजूद थे। 14 सितंबर की रात आरोपी की मां कमरे में आई और युवती से कहा कि उसके बेटे ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए हैं, इसलिए अब उसे धर्म बदलना होगा। उनका बेटा उससे शादी करेगा। युवती के विरोध करने पर आरोपी की मां, भाई और एक अन्य व्यक्ति ने उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।
युवती के अनुसार वह करीब तीन दिन तक कमरे में बंद रही। 18 सितंबर को आरोपी के बड़े भाई ने कमरे का ताला खोला और अंदर आकर युवती से फिर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। इसके बाद युवती बेहोश हो गई। होश आने पर युवती अस्पताल में भर्ती थी। तहरीर के अनुसार 19 सितंबर को शाहरुख अस्पताल पहुंचा। युवती को बेहोशी की हालत में कार से किसी अज्ञात स्थान पर छोड़ गया। इसके बाद युवती ने अपने भाई को पूरी घटना की जानकारी दी।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की गई। घटनास्थल की जांच, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



