उत्तराखंड

चीनी हुई महंगी, कांग्रेस ने विरोध जताते हुए राहगीरों को पिलाई फीकी चाय

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।

नैनीताल। चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध की आंच अब हल्द्वानी तक पहुंच गई है। चीनी के दाम 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने तिकोनिया चौराहे पर अनोखे अंदाज में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को फीकी चाय पिलाकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राशन, तेल, चीनी समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चीनी वाली चाय आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन महंगाई के कारण अब लोगों को फीकी चाय से ही काम चलाना पड़ रहा है। इसी संदेश को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को फीकी चाय पिलाकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। कांग्रेस ने सरकार से बढ़ती महंगाई पर तत्काल लगाम लगाने और आम जनता को राहत देने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button