उत्तराखंड

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने ग्राम्य विकास योजनाओं की समीक्षा की

इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि माह के अंत तक सभी लक्ष्य हासिल किए जा सकें।

माह के अंत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के दिए निर्देश
स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन पर जोर
स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विकास भवन सभागार में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को माह के अंत तक सभी निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उत्तराखंड स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (यूएसआरएलएम), विकसित भारत-जी.राम.जी., प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, सांसद एवं विधायक निधि, मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना, रीप-ग्रामोत्थान परियोजना तथा मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की विभागवार प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं के शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि माह के अंत तक सभी लक्ष्य हासिल किए जा सकें।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों के तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों एवं आजीविका संवर्धन गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के स्थानीय उत्पादों में राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाने की अपार क्षमता है। इसके लिए उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और प्रभावी विपणन रणनीति तैयार कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। इन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, आधुनिक विपणन सुविधाएं और बाजार उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मानवेन्द्र कौर, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, जखोली के खंड विकास अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक (ग्रामोत्थान परियोजना) सरिता जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button