
राष्ट्रीय सचिव बीएम संदीप कार्यकर्ता से ले रहे फीडबैक
देहरादून। कांग्रेस उत्तराखंड में अपने संगठन को मजबूत करने पर काम कर रही है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव बीएम संदीप उत्तराखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिल रहे हैं। इसी क्रम में मसूरी पहुंचे संदीप ने बताया कि उन्हें 17 लोगों ने मिलकर सुझाव दिए। उत्तराखंड में संगठन को मजबूती के साथ संघर्ष करना होगा। बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए मैं ज्यादा से लोगों, कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिल रहा हूं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पूरे देश में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए संगठन पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। उत्तराखंड में जिला कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव होना है। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं से राय ली जा रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बीएम संदीप ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा प्रयास किया जायेगा।
संदीप ने कहा कि बीजेपी मतदान का अधिकार छीनने का कार्य कर रही है, जिसे कामयाब नहीं होने दिया जायेगा। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी को पकड़ा है और बेंगलुरु के महादेव पुरा की विधानसभा सीट में एक लाख से अधिक फर्जी मतों को पकड़ा है। वहीं बिहार में 65 लाख लोगों का मतदान का अधिकार छीनने का कार्य भाजपा ने किया है।
बीएम संदीप ने कहा कि वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान कांग्रेस का नहीं है, बल्कि अब जनता का अभियान बन गया है। डॉ अंबेडकर के नेतृत्व में पहले दिन से ही संविधान में वोट देने का अधिकार सभी को मिला था। जबकि अमेरिका, फ्रांस, स्विट्जरलैंड में संविधान बनने के कई सालों बाद मतदान का अधिकार महिलाओं को दिया गया था। संदीप ने कहा कि अब भाजपा और आरएसएस मतदान का अधिकार छीनने का कार्य कर रहे हैं। बिहार में 65 लाख मतदाताओं को मतदान सूची से बाहर कर संविधान का घोर उल्लंघन किया गया है।
बीएम संदीप ने कहा कि बीजेपी हमेशा संविधान के विरोध में बात करती है। अब पूरे देश में भाजपा के खिलाफ माहौल बन रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी व सोनिया गांधी के नेतृत्व में लगातार कांग्रेस को मजबूत करने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बीजेपी के भ्रष्टाचार से जनता नाराज है। 2027 में कांग्रेस, भाजपा को बाहर का रास्ता दिखा कर चुनाव जीतेगी व सरकार बनायेगी। उन्होने कहा कि सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने लोगों को बचाने का कार्य किया। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार उत्तराखंड को आपदा प्रदेश घोषित करे व विशेष पैकेज दे जिससे आपदा से निपटा जा सके।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री गोदावरी थापली ने कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। अंकिता भंडारी का मामला अभी तक नहीं सुलझा है। महिला कांग्रेस भी विरोध प्रदर्शन करेगी।